Tuesday, February 17, 2009

लड़कियों का आरोप है कि ये धमकियां श्रीराम सेना के वर्कर्स दे रहे हैं।

श्रीराम सेना 'पिंक चड्डी' कैंपेन से बौखला गई है। मुंबई में श्रीराम सेना के वर्कर्स इस कैंपेन में हिस्सा लेने वाली लड़कियों को धमकी भरे फोन कर रहे हैं। मुंबई में लड़कियों के एक ग्रुप ने 'पिंक चड्डी' कैंपेन में भाग लिया था। उन्होंने श्रीराम सेना को कुरियर भेजे थे। ये लड़कियां मीडिया और सॉफ्टवेयर प्रफेशनल हैं। कुरियर भेजने के एक दिन बाद ही उनको फोन पर धमकियां मिलनी शुरू हो गईं। लड़कियों का आरोप है कि ये धमकियां श्रीराम सेना के वर्कर्स दे रहे हैं। पहचान उजागर न करने की शर्त पर एक लड़की ने बताया कि उसने कुरियर में अपना नंबर भी लिख दिया था। इसके बाद से उसे उस नंबर पर लगातार धमकियां मिल रही हैं।
परेशान लड़कियों ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। एक लड़की ने बताया कि जब हम पुलिस स्टेशन में थे, तब भी हमें एक धमकी भरा फोन आया था। जिसे हमने पुलिस ऑफिसर को भी सुनाया। उन्होंने बताया कि फोन पर धमकी के साथ उनके साथ गाली-गलौच भी की जाती है। लड़कियों ने बताया कि फोन अलग-अलग नंबरों से आते हैं। जिसमें उनसे सवाल किया जाता है, 'क्या आपने श्रीराम सेना के ऑफिस में पार्सल भेजा था?' लड़कियों ने इस कैंपेन को शुरू करने वाली निशा सुसान से भी बात की। सुसान ने कहा कि मैंने लड़कियों से कहा है कि वह कॉल करने वाले का नंबर नोट करें और यदि कॉल आनी बंद नहीं हो तो तुरंत पुलिस की मदद लें। सुसान ने बताया कि उनको भी कई धमकी भरे फोन और अश्लील एसएमएस आ रहे हैं। उधर, कुछ लड़कियों का कहना है कि उन्हें डर है कि उनके नंबर कहीं आपत्तिजनक साइट्स पर न डाल दिए गए हों? उधर, गृह राज्य मंत्री नितिन राउत ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी भी घटना के बारे में पता नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कुछ है, तो वह लड़कियों को पूरी सुरक्षा मुहैया कराएंगे।

No comments: