Tuesday, October 6, 2015

मां का अपमान किया तो मर जाएंगे या मार देंगे : साक्षी महाराज

भाजपा नेता और सांसद साक्षी महाराज ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। गोमांस पर छिड़ी बहस के बीच साक्षी महाराज ने कहा है कि भारत मां को हम अपनी मां मानते हैं। कोई हमारी मां का अपमान करेगा तो मर जाएंगे या मर देंगे।
उत्तर प्रदेश सरकार और खासतौर पर आजम खां पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, दादरी घटना का राजनीतिकरण किया जाना सही नहीं है। भाजपा सांसद ने दादरी में नेताओं के पहुंचने को लेकर आलोचना की है। गौरतलब है कि राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री आजम खां आज दादरी जा रहे हैं।
साथ ही साक्षी महाराज ने मुआवजे को लेकर यूपी सरकार पर हमला किया है। भाजपा नेता ने कहा कि राज्य में हिंसा के दौरान कई लोग इसका शिकार हुए लेकिन उनको मुआवजा नहीं मिला। साक्षी महाराज ने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे दोहरे मापदंड क्यों ?

गोहत्या व गोमांस को लेेेेकर चल रहे विवाद पर बोलते हुए उन्होंने गाय की मां से तुलना करते हुए कहा कि जिस तरह हमारी मां, उसी तरह भारत माता और गऊ माता हैं। राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव सार्वजनिक रूप से स्वयं मान चुके हैं कि राज्य में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति अच्छी नहीं है, जब हम कहते हैं तो इसमे गलत क्या है?

No comments: