Tuesday, March 31, 2015

9 साल की दो बच्चियों के साथ रेप की वारदात

ईस्ट डिस्ट्रिक्ट में अलग-अलग जगहों पर 9 साल की दो बच्चियों के साथ रेप की वारदात दर्ज की गई। पहली घटना प्रीत विहार इलाके की है। यहां एक शख्स ने आखिरी नवरात्र वाले दिन कन्या पूजन के बहाने 9 साल की लड़की को अपने घर ले जाकर उससे रेप किया। बच्ची की हालत खराब है। उसका लाल बहादुर शास्त्री हॉस्पिटल में ट्रीटमेंट चल रहा है। आरोपी अपने घर से फरार है। दूसरी घटना कृष्णा नगर इलाके की है। यहां एक युवक ने पड़ोस में रहने वाली 9 साल की बच्ची के साथ रेप किया। आसपास के लोगों ने 18 साल के आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 9 साल की बच्ची अपने परिवार के साथ प्रीत विहार इलाके में रहती है। नवरात्र के आखिरी दिन पड़ोस में रहने वाला एक शख्स बच्ची को उसके घर से कन्या पूजन के बहाने बुलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि उसने घर ले जाकर बच्ची के साथ रेप किया। वारदात अंजाम देने के बाद आरोपी अपने घर से फरार हो गया। बच्ची वहां से किसी तरह अपने घर पहुंची। परिवार वालों ने बच्ची की हालत देखकर पुलिस को कॉल की। पुलिस ने बच्ची को हॉस्पिटल में भर्ती कराया। आरोपी अभी तक अरेस्ट नहीं हो पाया है।
दूसरी घटना भी 9 साल की बच्ची के साथ हुई। बच्ची अपनी मां और बड़ी बहन के साथ कृष्णा नगर इलाके में रेंट पर रहती है। बच्ची के पिता की दोनों किडनी और लिवर खराब है। वह गांव में रहते हैं। बच्ची की मां अपनी दोनों बेटियों के साथ यहां घरों में काम करती है। आरोपी युवक भी अपने परिवार के साथ उसी मकान में रेंट पर रहता है। उसके पैरंट्स घर से बाहर गए हुए हैं। घर पर उसकी छोटी बहन थी। रात ज्यादा होने के कारण आरोपी युवक की छोटी बहन बच्ची की मां के पास गई और उसे अपने पास सोने के लिए कहा।

बच्ची की मां ने उसे वहां भेज दिया। देर रात जब वह सो गई तो उसका भाई कमरे पर पहुंचा। उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। वारदात अंजाम देने के बाद उसने बच्ची को मुंह बंद रखने की धमकी दी। डर के कारण बच्ची उसी कमरे में सो गई। देर रात जब बच्ची के पेट में तेज दर्ज हुआ तो वह अपनी मां के पास आ गई। उसने युवक की करतूत के बारे में बता दिया। सोमवार सुबह बच्ची की मां जिन घरों में काम करती है, उनके पास जाकर पूरी घटना के बारे में बताया। कुछ लोग महिला की मदद के लिए उसके घर पहुंचे। उस समय आरोपी युवक अपने घर पर ही था। लोगों ने युवक को पकड़कर कृष्णा नगर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

No comments: