Friday, May 1, 2009

पुलिस ने दुष्यंत का लैपटॉप जब्त कर विडियो फिल्म की तलाश की

महिला मित्र को घर बुलाने के बाद रेप के इल्जाम में सॉफ्टवेयर प्रफेशनल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने लड़की की बुरी तरह पिटाई की थी। मुलजिम के पिता शिलॉन्ग में बिजनेस करते हैं। यह वारदात साउथ ईस्ट दिल्ली के महारानी बाग में हुई। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने की पुलिस को 20 अप्रैल को वसंत कुंज के एक एनजीओ से इस वारदात की खबर मिली। पुलिस को जानकारी मिली कि प्राइवेट जॉब करने वाली एक लड़की से 18 अप्रैल को महारानी बाग के साउथ एवेन्यू में रहने वाले दुष्यंत वर्मा (28) ने अपने घर में रेप किया था। पुलिस ने साउथ दिल्ली में रहने वाली इस लड़की को एम्स में ले जाकर मेडिकल चेकअप कराया। इसकी रिपोर्ट में रेप की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने रेप केस दर्ज कर वर्मा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। लड़की ने पुलिस को बताया कि करीब एक महीना पहले उसकी दोस्ती दुष्यंत से हुई थी। 18 तारीख की दोपहर दुष्यंत ने उसे अपने घर लंच पर साथ ले गया था। उसने लड़की को शराब पिलाने की कोशिश की, लेकिन उसने मना कर दिया। खाना लाने के लिए नौकर को 700 रुपये देकर बाहर भेजने के बाद दुष्यंत ने लड़की से छेड़छाड़ शुरू कर दी। लड़की विरोध करते हुए घर से बाहर जाने लगी तो दुष्यंत ने उसकी बुरी तरह पिटाई करते हुए रेप किया। पिटाई से लड़की के चेहरे और शरीर पर जगह-जगह पिटाई के निशान पड़ गए। वारदात के बाद दुष्यंत लड़की को कार में बिठाकर उसके घर के नजदीक छोड़ आया। जाते हुए दुष्यंत ने लड़की को बताया कि उसने रेप की विडियो फिल्म बनाई है। उसने लड़की को धमकी दी कि किसी को इस बारे में बताया तो वह उस फिल्म को इंटरनेट पर डाल देगा। लड़की के मुताबिक इस वारदात से वह बुरी तरह घबरा गई थी। दो दिन तक खामोश रहने के बाद उसने अपनी बहन को अपने साथ हुई वारदात के बारे में बता दिया। बहन की दोस्त उसे लेकर वसंत कुंज में एक एनजीओ के दफ्तर में गई। वहां से पुलिस को खबर दी गई। पुलिस ने दुष्यंत का लैपटॉप जब्त कर विडियो फिल्म की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। मुलजिम को जेल भेज दिया गया है।

No comments: