Thursday, July 31, 2014

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सभी जिक्र हटा दिए

अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने 2007 के बाद से पहली बार अपनी सालाना इंटरनैशनल रीलिजियस फ्रीडम रिपोर्ट में 2002 के गुजरात दंगों के संबंध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सभी जिक्र हटा दिए हैं। अमेरिकी विदेशी मंत्री जॉन केरी और वाणिज्य मंत्री पेनी प्रित्जकर के दोनों देशों के बीच रणनीतिक बातचीत के लिए भारत आने से पहले यह एक संयोग माना जाना मुश्किल है।
केरी ने भारत यात्रा से दो दिन पहले सोमवार को वॉशिंगटन में 2013 के लिए यह रिपोर्ट जारी की। अमेरिका गुजरात दंगों की वजह से एक दशक से भी ज्यादा समय तक मोदी को वीजा देने से इनकार करता रहा और अब इस बदलाव को उनके साथ जुड़ने की एक कोशिश के तौर पर माना जा सकता है। वीजा न दिए जाने की वजह से मोदी और अमेरिका के बीच संबंध ठीक नहीं थे, लेकिन हाल ही में मोदी की अगुवाई में बीजेपी को लोकसभा चुनाव में मिली भारी जीत के बाद अमेरिका को अपना रवैया बदलने पर मजबूर होना पड़ा है।
हालांकि, नई रिपोर्ट में कहा गया है कि रेलवे कोच को जलाने और उसके बाद हिंसा से जुड़े कई मामले अभी लंबित हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 'ट्रेन में आग लगाने का आरोप मुस्लिमों पर है। इस घटना में 58 लोग मारे गए थे और इसके बाद मुस्लिम विरोधी हिंसा हुई थी, जिसमें 790 मुस्लिमों और 254 हिंदुओं की हत्या हुई।' रिपोर्ट में 2002 के दंगों में कथित भूमिका के लिए गुजरात सरकार के 60 अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की जकिया जाफरी की 2006 से की जा रही कोशिश का जिक्र है।
जाफरी के पति एहसान जाफरी और बहुत से अन्य लोगों की अहमदाबाद के गुलबर्ग सोसाइटी हाउसिंग कॉम्प्लेक्स पर भीड़ के हमले में हत्या कर दी गई थी। 2010 और 2011 में प्रकाशित रिपोर्ट्स में भी जकिया जाफरी का जिक्र था।
इस साल की रिपोर्ट में कहा गया है, 'स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने वर्षों की जांच के बाद 2012 में कोई आरोप न लगाने का फैसला किया। दिसंबर 2013 में एक मैजिस्ट्रेट कोर्ट ने जाफरी की ओर से दायर विरोध याचिका को खारिज कर दिया था और एसआईटी का फैसला बरकरार रखा। जाफरी ने कहा था कि वह हाई कोर्ट में अपील करना चाहती हैं।' अमेरिकी गृह मंत्रालय ने मार्च 2005 में मोदी को जारी किया गया वीजा वापस ले लिया था। इसकी वजह गुजरात दंगों में उनकी कथित भूमिका बताई गई थी।
पिछले एक दशक में भारत में अमेरिकी डिप्लोमेट्स ने बमुश्किल मोदी से बात की है। हालांकि, 2012 में गुजरात विधानसभा चुनाव में उनकी जीत के बाद बहुत से अमेरिकी सहयोगियों ने उनसे मुलाकात की थी। हालांकि मोदी के नेतृत्व में बीजेपी के लोकसभा चुनाव जीतने के तुरंत बाद अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उन्हें अमेरिका आने का निमंत्रण दिया था। मोदी सितंबर में अमेरिका जाएंगे। वहां वह ओबामा से मिलने के अलावा संयुक्त राष्ट्र की आमसभा को संबोधित करेंगे।

Monday, July 28, 2014

विदेश नीति के मोर्चे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नजरिये का अक्स

वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूटीओ) में ट्रेड समझौते के मामले में भारत के सख्त रवैये ने पश्चिमी देशों, खासतौर पर अमेरिका को हैरान कर दिया है। भारत का यह रुख ब्रिक्स बैंक का हेडक्वॉर्टर चीन में बनाए जाने के ऐलान के तुरंत बाद सामने आया है। विश्लेषकों का कहना है कि इस रुख में घरेलू और विदेश नीति के मोर्चे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नजरिये का अक्स है।
सरकार से जुड़े सूत्रों ने बताया कि डब्ल्यूटीओ में कॉमर्स मिनिस्टर निर्मला सीतारमण के सख्त रवैये के पीछे प्रधानमंत्री का ही हाथ था। हालांकि, मोदी ने ब्रिक्स बैंक के हेडक्वॉर्टर पर कोई बवाल नहीं खड़ा किया, क्योंकि वह इस पहल के दायरे को व्यापक बनाना चाहते हैं।
एक आला सरकारी अफसर ने बताया, 'ब्रिक्स बैंक के हेडक्वॉर्टर पर बातचीत के बीच जब बाकी देश इस बात को लेकर दुविधा में थे कि इसे शंघाई में होना चाहिए या नहीं, तो प्रधानमंत्री मोदी ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि चीन की इस मांग को स्वीकार कर लेना चाहिए। मोदी ने कहा कि इसी तरह से बाकी दुनिया को यह मेसेज दिया जा सकेगा कि यह एक गंभीर पहल है।'
वर्ल्ड बैंक-आईएमएफ के विकल्प के तौर पर नए ब्रिक्स बैंक से भारत को न केवल फायदा होगा, बल्कि इससे पश्चिमी देशों को मोदी की कूटनीतिक क्षमताओं के बारे में भी मेसेज जाएगा। ब्राजील में हुई ब्रिक्स शिखर वार्ता में दक्षिण अफ्रीका प्रतिनिधिमंडल इस बात को सुनकर हैरान था कि कॉमर्स मिनिस्टर सीतारमण को जेनेवा में होने वाली डब्ल्यूटीओ की जनरल काउंसिल की बैठक से पहले सिडनी में जी-20 मीटिंग में शिरकत करने को कहा गया था।
सिडनी में सीतारमण ने साफ कर दिया कि भारत की चिंताओं को खारिज नहीं किया जा सकता। उन्होंने जी-20 बैठक में ट्रेड समझौते से जुड़ी भारत की समस्याओं और ऐग्रिकल्चर प्रॉडक्ट्स की वैल्यूएशन के मसले जोरशोर से उठाए। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री को घटनाक्रम की जानकारी दी।
सरकार के एक सूत्र ने बताया, 'अगले दिन (बीते रविवार) पीएम ने सभी संबंधित सचिवों को बुलाकर जेनेवा में गुरुवार और शुक्रवार को होने वाली डब्ल्यूटीओ बैठक में भारत की पोजिशन के बारे में जानकारी दी। सोमवार को उन्होंने कैबिनेट की बैठक बुलाई और इसमें भाग लेने के लिए सीतारमण भी दिल्ली पहुंचीं।'
कुछ लोग इसकी तुलना अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के दौरान 1998 में हुए परमाणु परीक्षण से कर रहे हैं। हालांकि, मोदी सरकार के इस रुख की वजह कुछ घरेलू मजबूरियां भी हो सकती है। चुनाव प्रचार में मोदी ने किसानों से वादा किया था कि उनकी सरकार 50 फीसदी प्रॉफिट मार्जिन सुनिश्चित करेगी। डब्ल्यूटीओ में भारत के सख्त रवैये की एक वजह यह भी हो सकती है।
प्रधानमंत्री का इरादा जो भी रहा हो, लेकिन इसे आक्रामक फॉरेन और ट्रेड पॉलिसी के तौर पर देखा जा रहा है। इससे कम से कम इतना तो सुनिश्चित हो गया है कि सितंबर में पीएम के अमेरिकी दौरे पर बारीक नजर होगी।

Friday, July 25, 2014

कोई पार्टी कांग्रेस के साथ नहीं

लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन के सामने एक अजीब सी समस्या आ खड़ी हुई है। उन्हें 16वीं लोकसभा में जीतकर आए सांसदों को सीटें बांटनी हैं लेकिन कोई पार्टी कांग्रेस के साथ नहीं बैठना चाहती। 
सूत्रों के हवाले से एनडीटीवी ने खबर दी है कि कम से कम पांच राजनीतिक दल कांग्रेसी सांसदों के साथ बेंचों पर बैठने से इनकार कर चुके हैं। इनमें एआईएडीएमके, तृणमूल कांग्रेस, बीजू जनता दल, तेलंगाना राष्ट्र समिति और वाईएसआर कांग्रेस ने कथित तौर पर कहा है कि उनका राजनीतिक रुख कांग्रेस और बीजेपी दोनों से अलग है और यह लोकसभा में नजर आना चाहिए। 

वैसे टीएमसी और टीआरएस तो यूपीए का हिस्सा बनकर कांग्रेस के साथ बैठ चुकी हैं। लेकिन तब कांग्रेस के पास 200 से ज्यादा सांसद हुआ करते थे। अब कांग्रेस के पास मात्र 44 सांसद हैं और यह मुख्य विपक्षी दल बनने तक की योग्यता पूरी नहीं करती। 
सूत्रों के हवाले से न्यूज चैनल ने खबर दी है कि कांग्रेस का साथ वाली 20 सीटें सबसे पहले बीजू जनता दल को दी गई थीं जिसने कथित तौर पर इन्हें सिरे से नकार दिया। उसके बाद बाकी चार दलों ने भी इन सीटों को लेने से इनकार कर दिया।
 
एआईएडीएमके के 36 सांसद हैं। टीएमसी के 34 और बीजेडी के 20 सांसद हैं।

विधानसभा चुनाव में हिस्सा नहीं लेगी।

आम आदमी पार्टी (आप) की महाराष्ट्र यूनिट ने फैसला किया है कि वह राज्य में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में हिस्सा नहीं लेगी। पार्टी को लगता है कि राज्य के ज्यादातर हिस्से में उसका संगठन खड़ा नहीं हो पाया है। 
सूत्र बता रहे हैं कि पार्टी ने लोकसभा चुनाव में जबर्दस्त हार का आंकलन कर यह फैसला किया है। लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र भर में पार्टी को सिर्फ 2.2 फीसदी वोट ही मिले। अब, जमीनी स्तर पर काम करने वाला पार्टी का कार्यकर्ता भी नहीं चाहता कि 'आप' विधानसभा चुनाव में उतरे।
 
आम आदमी पार्टी की महाराष्ट्र यूनिट का यह कदम उसकी हरियाणा यूनिट के फैसले के बाद उठाया गया है। हरियाणा में भी राज्य यूनिट विधानसभा चुनाव में न उतरने का फैसला ले चुकी है। हरियाणा में अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।
 

25 जुलाई को आम आदमी पार्टी की तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इन फैसलों पर औपचारिक मुहर लगेगी। 'आप' संयोजक अरविंद केजरीवाल 30 जून को ही कह चुके हैं कि पार्टी को हरियाणा, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ध्यान हटाकर दिल्ली पर ही केंद्रित होना चाहिए। 
महाराष्ट्र यूनिट की आप संयोजक अंजलि दमानिया ने बताया कि हम अपने फैसले के बारे में राष्ट्रीय कार्यकारिणी को बता चुके हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में न उतरने के हमारे फैसले पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सभी एकमत हैं।
 
दमानिया ने कहा, 'पार्टी के हार्डकोर समर्थक भी यही मानते हैं कि हमें महाराष्ट्र में अधिक काम करने की जरूरत है। यह एक बहुत बड़ा राज्य है। हमें ग्रामीण इलाकों तक भी पहुंच बनानी होगी।'
 

Wednesday, July 23, 2014

हरियाणा में चुनाव न लड़ने का फैसला

आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। पार्टी के प्रमुख नेता योगेंद्र यादव ने कहा है कि पार्टी आने वाले हरियाणा विधानसभा चुनावों में हिस्सा नहीं लेगी क्योंकि वह दिल्ली पर ध्यान देना चाहती है। करनाल में योगेंद्र यादव की अध्यक्षता में राज्य कार्यकारिणी की बैठक में यह फैसला लिया गया। लेकिन इसके साथ ही पार्टी के नेताओं के मतभेद भी उभर आए हैं। 
पार्टी के इस फैसले पर हरियाणा में पार्टी के बड़े नेता नवीन जयहिंद ने कहा है कि ऐसा 'निठल्ले' नेताओं की वजह से हो रहा है। जयहिंद ने ट्वीट कर कहा, 'हरियाणा में चुनाव न लड़ने का कारण अरविन्द जी नहीं हैं बल्कि वे निठल्ले नेता है जिनको अरविन्द जी ने ज़मीनी काम करने के लिए कहा था ऑफिस में नहीं।'
 

जयहिंद का एक और ट्वीट है जो बड़े सवाल खड़े करता है। उन्होंने लिखा है, 'कोई तो जयचंद है पार्टी में जिससे पार्टी को बचाना बहुत जरूरी है। फैसले पार्टी के होते हैं एक व्यक्ति के नहीं।' 
हालांकि, हरियाणा में चुनाव न लड़ने के बारे में अरविंद केजरीवाल कई बार संकेत दे चुके थे। हरियाणा में पार्टी प्रवक्ता राजीव गोदारा ने कहा, 'एक प्रस्ताव पास किया गया जिसमें यह महसूस किया गया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में हिस्सा लेना व्यवहारिक नहीं होगा।' उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की पूर्ण सहमति चुनाव लड़ने में नहीं है।

हरकतों से धार्मिक भावना को गहरा आघात लगा

शिवसेना के 11 सांसदों पर आरोप है कि उन्होंने महाराष्ट्र सदन में परोसे जाने वाले खाने से नाराज होकर रोजा रखे एक मुस्लिम कर्मचारी को रोटी खाने के लिए मजबूर किया। इस घटना के कुछ ही घंटे बाद सांसदों के दुर्व्यवहार के विरोध में कैटरिंग का जिम्मा संभाल रही आईआरसीटीसी ने सदन में अपनी सेवाएं बंद कर दीं। आईआरसीटीसी ने महाराष्ट्र के रेजिडेंट कमिश्नर से लिखित में शिकायत की है कि धार्मिक भावनाएं आहत होने से हमारे कर्मचारी अरशद जुबैर को काफी दुख पहुंचा है। रेजिडेंट कमिश्नर ने सांसदों के व्यवहार पर आईआरसीटीसी से माफी मांगते हुए जवाब दिया है कि वह अरशद से निजी तौर पर मिलकर सरकार की ओर से संवेदना जताना चाहते हैं। 
'इंडियन एक्सप्रेस' की खबर के मुताबिक, यह घटना 17 जुलाई की है। महाराष्ट्र सरकार ने मामले की जांच करने की बात कहते हुए वादा किया है कि उचित कार्रवाई की जाएगी। शिवसेना सांसदों का कहना है कि उनका अपमान किया गया था और दुर्व्यवहार के आरोप गलत हैं। आईआरसीटीसी की ओर से जिन 11 सांसदों पर बदसलूकी का आरोप लगाया गया है, उनमें संजय राउत (राज्यसभा), आनंदराव अडसुल (अमरावती), रंजन विचारे (ठाणे), अरविंद सावंत (दक्षिण मुंबई), हेमंत गोडसे (नासिक), कृपाल तुमाने, रविन्द्र गायकवाड़ (उस्मानाबाद), विनायक राउत (रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग), शिवाजी पाटिल (शिरूर), राहुल शेवाले (दक्षिण-मध्य मुंबई) और श्रीकांत शिंदे (कल्याण) के नाम शामिल हैं।
 

17 जुलाई को आईआरसीटीसी के डेप्युटी जनरल मैनेजर शंकर मल्होत्रा ने रेजिडेंट कमिश्नर बिपिन मलिक को ईमेल करके बताया था, 'आज महाराष्ट्र सदन के प्रेस कॉन्फ्रेंस हाल में शिवसेना के 12-15 सांसदों की मीटिंग थी। इस मीटिंग में वे इलेक्ट्रिकल, सिविल, हाउसकीपिंग, कैटरिंग आदि से जुड़ीं समस्याएं उठा रहे थे। इसके बाद पूरा प्रतिनिधिमंडल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और मैनेजर के साथ पब्लिक डाइनिंग हॉल में पहुंच गया। वे आपत्तिजनक भाषा में किचन और सर्विस स्टाफ को धमकाने लगे।' 
इस मेल में कहा गया है, 'गुस्साए सांसदों ने आईआरसीटीसी के रेजिडेंट मैनेजर अरशद को एक रोटी खाने के लिए मजबूर किया। उस दौरान रोजे पर होने की वजह से अरशद की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।' अरशद ने अपनी शिकायत में कहा है, 'सारे गेस्ट मीडिया के लोग और महाराष्ट्र सदन के कर्मचारियों के साथ किचन में घुस गए। उस समय मैं ऑर्डर तैयार करवा रहा था। उन्होंने मुझे पकड़ लिया और एक रोटी में मेरे मुंह में ठूंस दी। मैंने उस समय आईआरसीटीसी की वर्दी पहन रखी थी और नेम प्लेट भी लगा रखी थी। पैनल में मौजूद सारे लोग जानते थे कि मेरा नाम अरशद है। इन लोगों के मुंह में रोटी ठूंसने की वजह से मेरा रोजा टूट गया। उनकी हरकतों से मेरी धार्मिक भावना को गहरा आघात लगा है।'
 
शंकर मल्होत्रा का कहना है कि सांसद नए महाराष्ट्र सदन में महराष्ट्रियन कैटरर चाहते हैं। उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं पहले भी हुई हैं, लेकिन महाराष्ट्र सदन का प्रबंधन इस संबंध में हमारा पक्ष नहीं लेता है। 17 जुलाई की घटना के बाद आईआरसीटीसी ने वहां अपनी सर्विस बंद कर दी है और इसकी वजह से वहां कैंटीन फिलहाल बंद है।
 
सांसद और शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत कहना है कि गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई शरारत कर रहा है। राउत ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र सदम में कई समस्याएं हैं इसलिए मैं वहां ठहरता ही नहीं हूं। दक्षिण मुंबई के सांसद अरविंद सावंत ने कहा, 'मैं वहां पिछले दो महीनों से रह रहा हूं और अपमान के सिवा कुछ नहीं मिला है। यहां विधायकों, मंत्रियों और सचिवों के लिए कई कमरे हैं, लेकिन सांसदों को छोटे-छोटे कमरे में ठहराया गया है। यहां तक कि उत्तर प्रदेश के चार सांसदों को भी बड़े कमरे दिए गए हैं। क्या यह अपमान नहीं है?'
 
सावंत ने कहा, 'सदन का खाना एकदम घटिया है। यहां रेलवे के लोग कैटरिंग चलाते हैं और महराष्ट्रियन खानों के बारे में कुछ भी पता नहीं है। अगर आप आंध्र भवन जाते हैं, तो वहां राज्य का खाना मिलता है। लेकिन महाराष्ट्र सदन में रेलवे के लोग खाना बनाते हैं। हम मिल-बैठकर समस्या को सुलझाना चाहते थे, लेकिन उस दिन भी रेजिडेंट कमिश्नर ने मिलने से इनकार कर दिया। काफी देर के बाद बताया गया कि वह राज्य के मुख्य सचिव को लेने एयरपोर्ट गए हैं। क्या यह अपमान नहीं है? किसी के साथ भी जबरदस्ती या धक्कामुक्की नहीं की गई थी।'

Monday, July 21, 2014

सिसोदिया के मुताबिक वह कांग्रेस विधायक मतीन अहमद से जरूर मिले

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया ने कांग्रेस विधायक आसिफ मोहम्मद को मिलने के लिए एसएमएस भेजने की बात से इनकार किया है। सिसोदिया ने आसिफ को चुनौती देते हुए कहा कि वे उनके एसएमएस सार्वजनिक करें। गौरतलब है कि आसिफ मोहम्मद ने दावा किया था कि सिसोदिया ने उन्हें दिल्ली में सरकार बनाने के लिए मेसेज भेजकर मिलने के लिए बुलाया था।
सिसोदिया के मुताबिक वह कांग्रेस विधायक मतीन अहमद से जरूर मिले थे, लेकिन उनसे उनकी सरकार गठन को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई थी। सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी का हर विधायक दोबारा चुनाव के पक्ष में है।
सिसोदिया ने रविवार को एक न्यूज चैनल पर कहा कि कांग्रेस विधायक आसिफ मोहम्मद के दावों में आधा सच है। उनके मुताबिक बनारस में चुनाव प्रचार के दौरान उनके पास कांग्रेस नेता मतीन अहमद के फोन आए थे। वे उनसे मिलना चाहते थे। सिसोदिया के मुताबिक लोकसभा चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद दिल्ली लौटने पर उनकी मतीन अहमद से मुलाकात जरूर हुई, लेकिन इसमें सरकार बनाने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई
उन्होंने कहा कि अलग-अलग पार्टियों के नेताओं के आपस में मिलने में कोई बुराई नहीं है, बशर्ते उनके बीच किसी तरह की खरीद-फरोख्त की डील न हो।