Sunday, February 7, 2016

गोवा की राज्‍यपाल मृदुला सिन्‍हा ने अपने जीवन का बड़ा खुलासा किया



देश में पीएम मोदी के बेटी बचाव बेटी पढ़ाओ कैंपेन पर बोलते हुए गोवा की राज्‍यपाल मृदुला सिन्‍हा ने अपने जीवन का बड़ा खुलासा किया। उन्‍होंने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मेरी मां मुझे गर्भ में ही मार डालना चाहती थी लेकिन मेरे पिता ने मुझे बचाया।
स्‍वदेशी मेला कार्यक्रम में श‍िरकत करने आईं राज्‍यपाल मृदुला सिन्‍हा ने कहा, 'जब मैंने सुना कि पीएम गर्ल चाइल्ड को बचाने के बारे में कुछ कहने वाले हैं, तब याद आया कि कैसे मेरे पिता ने मुझे बचाया था। मेरी मां 40 वर्ष की उम्र में गर्भवती हुई थीं लेकिन वो मुझे पेट में ही मार देना चाहती थी। इसके लिए उन्‍होंने गर्भपात के लिए ढेर सारी दवाएं खा ली थीं।'
उन्‍होंने आगे कहा, 'लेकिन जब इस बात का पता मेरे पिता को लगा तो उन्‍होंने समाज की फिक्र किए बगैर मुझे बचाया। वो मेरी मां को एक सुरक्षित जगह ले गए जहां उन्‍होंने यह सुनिश्चित किया की मैं इस दुनिया में जन्‍म लूं।'
राज्‍यपाल ने अपने पिता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्‍होंने मुझे बचाया और अच्‍छी शिक्ष दे ते हुए परंपराओं को तोड़ा। मुझे लगता है बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ में परिवार बचाओ को भी जोड़ा जाना चाहिए।

Friday, February 5, 2016

पुलिस ने आईएस के एक संदिग्‍ध फायनेंसर को गिरफ्तार किया



देश में लगातार हो रही आईएस आतंकियों और आईएसआई एजेंटों की गिरफ्तारी में एक और नाम जुड़ गया है। इस बार पुलिस ने आईएस के एक संदिग्‍ध फायनेंसर को गिरफ्तार किया है।
खबरों के अनुसार इस संदिग्‍ध की पहचान मुंबई के रहने वाले मोहसिन के रूप में हुई है और इसे कश्मीरी गेट स्थित अंतरराष्ट्रीय बस अड्डा (आईएसबीटी) से गिरफ्तार किया गया है। मोहसिन को दोपहर दो बजे पटियाला हाउस कोर्ट में उसे पेश किया जाएगा।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, मोहसिन देश में छिपे आईएस के लिए काम कर रहे लड़कों को पैसा मुहैया करवाता था। इस संदिग्‍ध फायनेंसर ने हमलों के लिए उत्तराखंड के आईएस आंतकियों को पैसे भी दिए थे। उसे यह पैसा आतंक के सरगनाओं से हवाला के माध्‍यम से मिलता था। मोहसिन के पास से 85000 रुपये बरामद हुए हैं।
गिरफ्तारीक के बाद दिल्‍ली स्‍पेशल सेल के पुलिस कमिश्‍नर अरविंद दीप के अनुसार संदिग्‍ध का नाम मोहसीन है और उम्र 26 वर्ष है। वो मुंबई में मलाड वेस्‍ट का रहने वाला है। मोहसीन रूड़की मॉड्यूल का हिस्‍सा था और सीरिया जाने की तैयारी कर रहा था।
राजधानी दिल्ली में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट के संदिग्ध आतंकी मोहसिन की गिरफ्तारी से जहां एक ओर खुफिया एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली हैं वही इससे भारत को आतंकी हमले का संकेत भी मिलता दिखाई दे रहा है।
पिछले दिनों खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल को अलर्ट जारी कर आशंका जाहिर की थी कि आइएस के आतंकी त्योहार के मौके पर दिल्ली में हमला कर सकते हैं।

टाइप 2 डायबिटीज के लिए वैज्ञानिक पुष्टि के साथ आयुर्वेदिक दवा (बीजीआर-34) लॉन्‍च



वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) ने टाइप 2 डायबिटीज के लिए वैज्ञानिक पुष्टि के साथ आयुर्वेदिक दवा (बीजीआर-34) लॉन्‍च की है। यह दवा ब्लड ग्‍लूकोस रेग्‍यूलेटर-34 सीएसआईआर की दो अनुसंधान इकाइयों नेशनल बॉटनिकल रिसर्च इंस्‍टीट्यूट (एनबीआरआई) और द सेंट्रल इंस्‍टीट्यूट फोर मेडिसिनल एंड एरो‍मेटिक प्‍लांट्स ने विकसित की है।
यह दवा छह जड़ी बूटियों के अर्क से बनी है जिसमें दारूहरिद्रा, गिलोय, विजयासर, गुडमार, मजीठ, मेथिका शामिल हैं।
सीएसआईआर-एनबीआरआई के वरिष्‍ठ प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एके एस रावत ने कहा कि भारत 6 करोड़ मधुमेह रोगियों का घर है। वे कहते हैं 'बीजीआर-34 ब्‍लड शुगर को नियंत्रित कर और अन्‍य दवाओं के हानिकारक प्रभाव को सीमित करते हुए काम करता है।'
सीएसआईआर-एनबीआरआई के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. सीएच वी राव ने कहा कि महत्‍वपूर्ण अवयव डीपीपी-4 को रोकता है और इंसूलिन स्‍त्राव को बढ़ाता है। वे कहते हैं 'उत्‍पाद ने परीक्षण की एक श्रृंखला पार की है और प्रयोगात्‍मक विषयों में हाय्पोग्‍ल्‍यसमिक (रक्‍त में शर्करा का सबसे कम स्‍तर) गतिविधि को दर्शाया है।'
एईमिल फार्मास्‍यूटिकल्‍स के उपाध्‍यक्ष डॉ. अनिल शर्मा ने बताया कि इस दवा की कीमत 5 रूपये प्रति टैबलेट है। यह राज्‍य के सभी प्रमुख केमिस्‍ट काउंटर्स पर उपलब्‍ध है।
उनके मुताबिक उन्‍होंने दवा को लॉन्‍च करने के लिए कालीकट चुना क्‍योंकि शहर में ग्‍लोबल आयुर्वेद फेस्‍ट हो रहा था।